राजगढ़ सवर्ण समाज एकता मंच ने यूजीसी के कथित काले कानून के विरोध में निकाला जुलूस, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।
By Shubh Bhaskar ·
28 Jan 2026 ·
46 views
राजगढ़ सवर्ण समाज एकता मंच ने यूजीसी के कथित काले कानून के विरोध में निकाला जुलूस, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़-
राजगढ़ सवर्ण समाज एकता मंच द्वारा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। मंच के सदस्यों ने गणेश पोल से उपखंड अधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकालते हुए नारेबाजी की तथा इसके पश्चात प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मंच ने यूजीसी द्वारा लागू किए गए नए नियमों पर गहरी आपत्ति जताते हुए इन्हें सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों के प्रतिकूल बताया। मंच का कहना है कि यूजीसी द्वारा लागू किए गए “उच्च शिक्षा संस्थानों में समता के संवर्धन हेतु पारित विनियम 2026” के अंतर्गत धर्म, जाति, नस्ल एवं लिंग के आधार पर किए गए प्रावधान भेदभावपूर्ण एवं एकतरफा हैं, जिससे सामान्य वर्ग के छात्रों के अधिकारों का हनन हो रहा है।
सवर्ण समाज एकता मंच ने आशंका व्यक्त की कि इन नियमों के लागू रहने से उच्च शिक्षा संस्थानों में भय, असमानता और असंतोष का वातावरण उत्पन्न हो सकता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त नियम उच्च शिक्षा की स्वायत्तता को प्रभावित करते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध प्रतीत होते हैं।
मंच ने इन नियमों को असंवैधानिक करार देते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि इस कथित काले कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। मंच का कहना है कि इस अधिनियम को लेकर आम नागरिकों, विशेषकर सामान्य वर्ग के लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है। यदि यह नियम लागू रहा तो इसके दुष्प्रभाव सामाजिक संतुलन एवं समरसता को प्रभावित कर सकते हैं।
अंत में मंच ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी वर्गों के लिए समान, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत शिक्षा नीति सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज,क्षत्रिय समाज, वैश्य समाज के महिला पुरुष में बच्चे बड़ी संख्या में जुलूस में मौजूद रहे।