ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

नाले को पाटने की मांग, स्कूल व आंगनवाड़ी के पास गंदगी से बढ़ा खतरा।

By Shubh Bhaskar · 19 Apr 2026 · 8 views
नाले को पाटने की मांग, स्कूल व आंगनवाड़ी के पास गंदगी से बढ़ा खतरा।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- गढ़ी सवाई राम- रैणी उपखंड क्षेत्र के गढ़ी सवाई राम कस्बे में नेशनल हाईवे 921 के समीप स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र के पास बने खुले नाले को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य नवल बैरवा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा लगभग 100 फीट लंबा नाला विद्यालय की चारदीवारी के साथ बनाया गया है, जो वर्तमान में खुला पड़ा है। रात के समय अज्ञात लोग इसमें शौच कर जाते हैं तथा गंदगी डाल देते हैं, जिससे आसपास अस्वच्छता फैल रही है। नाले में मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बना रहता है और आवारा पशु भी यहां बैठे रहते हैं। कई बार पशु नाले में गिरने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि यह मार्ग केलादेवी और बालाजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख रास्ता है, जिससे यहां आवागमन लगातार बना रहता है। ऐसे में खुले नाले के कारण किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
विद्यालय व आंगनवाड़ी में छोटे बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ कर्मचारियों का रोजाना आना-जाना होता है, जो इस गंदगी और खुले नाले से परेशान हैं। इससे उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ने का खतरा है।
नवल बैरवा व ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले को शीघ्र पाटकर सुरक्षित बनाया जाए तथा क्षेत्र में बिजली के पोल पर प्रकाश व्यवस्था करवाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube