बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती पर राज्य एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
By Shubh Bhaskar ·
14 Apr 2026 ·
43 views
बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती पर राज्य एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह भवानी निकेतन परिसर से भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ, जिसका सीधा प्रसारण जिले में भी देखा गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने कार्यक्रम को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ देखा।
कार्यक्रम के दौरान जयपुर से हो रहे आयोजन के लाइव प्रसारण में बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष, भारतीय संविधान के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान एवं सामाजिक समरसता के लिए किए गए कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. मंजू, उपवन संरक्षक राहुल झांझरिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, रावतभाटा के अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद मल्होत्रा सहित रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, गौरव त्यागी, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सामाजिक समानता, न्याय एवं संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत दो पात्र लाभार्थियों को ₹1,02,000 की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। साथ ही दिव्यांगजन सशक्तिकरण के अंतर्गत दो दिव्यांग बालिकाओं को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रोत्साहित किया गया।