ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

नशे के साम्राज्य पर कोटा ग्रामीण पुलिस का 'प्रहार': 5000 का इनामी अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर मम्मू गिरफ्तार।

By Shubh Bhaskar · 12 Apr 2026 · 11 views
दैनिक शुभ भास्कर

संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया

नशे के साम्राज्य पर कोटा ग्रामीण पुलिस का 'प्रहार': 5000 का इनामी अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर मम्मू गिरफ्तार।



सुकेत में 'मौत की फैक्ट्री' लगाने की थी खौफनाक साजिश, इंदौर नारकोटिक्स का 'मोस्ट वांटेड' खाकी के शिकंजे में।



कोटा ग्रामीण पुलिस थाना सुकेत ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी 'सर्जिकल स्ट्राइक' को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक सुजित शंकर के कुशल नेतृत्व में सुकेत थाना पुलिस ने एक जांबाज कार्रवाई करते हुए 5000 रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय तस्कर अराफत अहमद उर्फ मम्मू को दबोच लिया है। यह शातिर अपराधी न केवल इंदौर नारकोटिक्स की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था, बल्कि सुकेत के मेहर मोहल्ला इलाके में एमडी (MD) बनाने की अवैध फैक्ट्री स्थापित करने की बड़ी प्लानिंग में जुटा था।


नीमच से शुरू हुआ था 'सफेद जहर' का खेल


पुलिस के अनुसार, इस पूरे खेल का खुलासा 28 अगस्त 2025 को तब हुआ था जब नीमच पुलिस ने टोनू लाला उर्फ आमिर खान को भारी मात्रा में 25.076 लीटर रासायनिक पदार्थ (एमडी बनाने का) और 41 ग्राम एमडी पाउडर के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि इस 'सफेद जहर' की खेप को रास्ता दिखाने (एस्कॉर्ट करने) वाला मुख्य खिलाड़ी अराफत अहमद उर्फ मम्मू ही था। तब से ही आरोपी गिरफ्तारी के डर से इधर-उधर ठिकाने बदल रहा था।


इनामी अपराधी की घेराबंदी:-

सुकेत पुलिस की 'स्पेशल स्ट्राइक आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही सुकेत थाना पुलिस की विशेष टीम को रविवार को बड़ी सफलता मिली। सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और मम्मू को धर-दबोचा। अपराधी पर पुलिस उप महानिरीक्षक (नारकोटिक्स) इंदौर की ओर से 5000 रुपये का इनाम घोषित था।


बड़ा खुलासा:- सुकेत को बनाना चाहता था 'ड्रग हब'
सूत्रों की मानें तो गिरफ्त में आया तस्कर मम्मू क्षेत्र में अवैध रासायनिक पदार्थों से एमडी तैयार करने की यूनिट लगाने की फिराक में था। अगर समय रहते पुलिस इसे नहीं दबोचती, तो यह क्षेत्र में युवाओं की रगों में जहर घोलने का बड़ा केंद्र बन सकता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य गुर्गों और उनके संपर्कों को खंगालने में जुटी है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube