बबीना में आयुष्मान शिविर बना बुज़ुर्गों की उम्मीद की किरण दर्जनों वृद्धों को मिला पाँच लाख तक निःशुल्क इलाज का सुरक्षा कवच
By Shubh Bhaskar ·
25 Jan 2026 ·
29 views
कालपी (जालौन)
ग्रामीण अंचल के जरूरतमंद और बुज़ुर्ग नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में बबीना गांव में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। भारतीय महिला अधिकार संरक्षण संस्थान के राष्ट्रीय संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश कुमार शर्मा के आवाहन पर तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अर्चना गुप्ता के कुशल नेतृत्व में कालपी तहसील क्षेत्र के बबीना गांव स्थित वीर सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे वृद्ध एवं जरूरतमंद नागरिकों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना रहा, जो अब तक इस योजना से वंचित थे। शिविर के माध्यम से दर्जनों बुज़ुर्गों को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाकर स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। मां सरस्वती एवं मां शेरावाली की प्रतिमा के समक्ष घी के दीपक जलाकर प्रदीप गांधी एवं सोनू महाराज द्वारा विधिवत आरती की गई। इसके पश्चात राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अर्चना गुप्ता, जिला अध्यक्ष संतोषी देवी (बबीना), कोषाध्यक्ष नीलम देवी सौंधी, आकाश प्रणामी एवं प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुटार द्वारा पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
शिविर के दौरान प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुटार ने जिला मीडिया प्रभारी सोनू महाराज एवं प्रदीप गांधी को माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं अर्चना गुप्ता, संतोषी देवी एवं नीलम देवी सौंधी को पुष्प भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई। इसके अतिरिक्त जिला मीडिया प्रभारी सोनू महाराज ने विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार वर्मा सहित शिक्षक अमित त्रिपाठी, श्री पाल एवं हरिओम साहू को सम्मानित कर विद्यालय परिवार के सहयोग के लिए आभार जताया।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि 70 वर्ष से अधिक आयु के दर्जनों वृद्ध नागरिकों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए। यह महत्वपूर्ण कार्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में तैनात संविदा कर्मी आकाश प्रणामी द्वारा पूरी निष्ठा एवं तत्परता से संपन्न कराया गया। आयुष्मान कार्ड हाथ में आते ही वृद्धजनों के चेहरे पर राहत और विश्वास की मुस्कान साफ नजर आई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अर्चना गुप्ता ने आयुष्मान भारत योजना की पात्रता, लाभ और उपयोग की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना गरीब और वंचित वर्ग के लिए सरकार की सबसे प्रभावी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है। जिला अध्यक्ष संतोषी देवी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बुज़ुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत ढाल साबित होगा।
संरक्षक प्रदीप गांधी ने बुज़ुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं योजना के व्यावहारिक पक्षों पर प्रकाश डाला। वहीं सोनू महाराज ने सरल भाषा में बताया कि आयुष्मान कार्ड का उपयोग किन अस्पतालों में और किन दस्तावेजों के साथ किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों का आयोजन कर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
अंत में प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुटार द्वारा सभी पदाधिकारियों को श्री राधे-कृष्णा की स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।