बसंत पंचमी कल हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी साथ ही पीएम श्री विद्यालय में मेगा पीटीएम का होगा आयोजन
By Shubh Bhaskar ·
22 Jan 2026 ·
37 views
बसंत पंचमी कल हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी साथ ही पीएम श्री विद्यालय में मेगा पीटीएम का होगा आयोजन
पीपाड़ सिटी। कस्बे सहित आसपास के समूचे ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बसंत पंचमी का पर्व मां सरस्वती को समर्पित है। मान्यता के अनुसार इसी दिन मां सरस्वती का प्राकट्य हुआ था, इसलिए इसे उनका जन्मोत्सव भी कहा जाता है। धार्मिक महत्व के साथ-साथ बसंत पंचमी का विशेष सांस्कृतिक महत्व भी है। इस दिन अबूझ विवाह सहित विभिन्न शुभ कार्यों के आयोजन किए जाते हैं।
इधर, बसंत पंचमी के अवसर पर पीएम श्री सेठ भीकमचंद मुथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीपाड़ सिटी में मेगा पीटीएम (पेरेंट्स-टीचर मीटिंग) का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यालय की सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है। प्रधानाचार्य रामकिशोर गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम शुक्रवार को प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में प्रारंभ होगा। इस दौरान मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के पश्चात अभिभावकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही वर्ष भर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सहशैक्षणिक गतिविधियों एवं परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी अभिभावकों को दी जाएगी।