पीपाड़ शहर: हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्री श्रीयादे माता जयंती, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
By Shubh Bhaskar ·
20 Jan 2026 ·
13 views
पीपाड़ शहर: हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्री श्रीयादे माता जयंती, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
पीपाड़ शहर। प्रजापत समाज द्वारा श्री श्रीयादे शिक्षा मंदिर प्रजापत छात्रावास परिसर में माघ सुदी बीज के पावन अवसर पर समाज की कुलदेवी श्री श्रीयादे माता का जन्मोत्सव श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भक्ति संगीत, सम्मान समारोह और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।महोत्सव के अध्यक्ष पारस राम प्रजापत एवं कोषाध्यक्ष संपतराज ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री श्रीयादे माता का जागरण आयोजित किया गया, जिसमें गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन भव्य महाआरती और महाप्रसादी के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।शिक्षा और समाज सेवा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की 29 होनहार प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, समाज के विकास कार्यों में आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों का भी मंच पर बहुमान किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाखीजी बगीची के महंत हीरामुनि महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा की श्रीयादे माता का जीवन हमें भक्ति, शक्ति और संस्कारों की प्रेरणा देता है। समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहकर और एकजुट होकर सामाजिक उत्थान के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा छात्रावास परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान रहा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।