आयुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस में की जनसुनवाई,दिव्यांग जनों को कंबल वितरण आमजन की समस्याओं पर सख्त आयुक्त, त्वरित निस्तारण के निर्देश
By Shubh Bhaskar ·
17 Jan 2026 ·
22 views
आयुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस में की जनसुनवाई,दिव्यांग जनों को कंबल वितरण
आमजन की समस्याओं पर सख्त आयुक्त, त्वरित निस्तारण के निर्देश
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश गोण्डा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों पर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना ही नहीं, बल्कि पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करना है, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त द्वारा मूकबधिर एवं श्रवण बाधित जरूरतमंद दिव्यांग जनों को कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, असहाय एवं दिव्यांग वर्गों के कल्याण के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं और उनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कंबल पाकर दिव्यांग जनों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया। कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता सहित तहसीलदार व तहसील के अन्य कर्मी मौजूद रहे।