महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण।
By Shubh Bhaskar ·
16 Jan 2026 ·
41 views
महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के राजपुर बड़ा गांव से व्यावसायिक शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ाने और उन्हें तकनीकी दुनिया की बारीकियों से परिचित कराने के उद्देश्य से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), राजपुर बड़ा के छात्र-छात्राओं का संकल्प आईटीआई, राजगढ़ में औद्योगिक भ्रमण (इंडस्ट्रियल विजिट) आयोजित किया गया।
इस भ्रमण के दौरान IT/ITES (Information Technology Enabled Services) ट्रेड के विद्यार्थियों ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का अवलोकन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं व्यावसायिक प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में गए विद्यार्थियों ने कार्यस्थल पर उपयोग में आने वाली आधुनिक तकनीकों, सॉफ्टवेयर संचालन तथा कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखा। छात्रों ने पुस्तकों में पढ़ी गई थ्योरी को वास्तविक कार्य में लागू होते हुए अनुभव किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईटी क्षेत्र की बारीकियों को समझने के लिए विशेषज्ञों से सीधा संवाद किया तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों और तकनीकी दक्षता के महत्व की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर संकल्प आईटीआई के डायरेक्टर अजय यादव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्यारेलाल जाटव ने बताया कि राज्य सरकार की व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। भ्रमण से लौटे विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था।
छात्र लोकेश शर्मा, अनील शर्मा एवं रेखा गुर्जर ने बताया कि इस अनुभव से उन्हें अपने विषय को गहराई से समझने में मदद मिली है और भविष्य की दिशा तय करने में यह भ्रमण उपयोगी सिद्ध होगा।