प्रशासनिक विसंगति: दूरी घटाने का दावा, फिर बिलिया को शाहपुरा से हटाकर 35 किमी दूर क्यों धकेला? प्रियंका गोस्वामी ने जयपुर स्थित पंचायती राज विभाग के सचिव को पत्र लिख उठाए गंभीर सवाल
By Shubh Bhaskar ·
12 Jan 2026 ·
33 views
प्रशासनिक विसंगति: दूरी घटाने का दावा, फिर बिलिया को शाहपुरा से हटाकर 35 किमी दूर क्यों धकेला?
प्रियंका गोस्वामी ने जयपुर स्थित पंचायती राज विभाग के सचिव को पत्र लिख उठाए गंभीर सवाल
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-राजस्थान सरकार द्वारा नई पंचायत समितियों के गठन के पीछे मंशा जनता को नजदीक दफ्तर उपलब्ध कराना था, लेकिन शाहपुरा की ग्राम पंचायत बिलिया के मामले में प्रशासन ने इस नीति की धज्जियां उड़ा दी हैं। बिलिया को मात्र 18 किमी दूर स्थित शाहपुरा से हटाकर लगभग 35 किमी दूर फूलिया कलां में शामिल कर दिया गया है।
प्रियंका गोस्वामी की सीधी चुनौती— आखिर बिलिया के साथ ही यह अन्याय क्यों?
स्थानीय सजग नागरिक प्रियंका गोस्वामी ने राजस्थान संपर्क पोर्टल (परिवाद संख्या- 012636325361637) के माध्यम से सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग (जयपुर) को प्रार्थना पत्र भेजकर इस 'अव्यावहारिक' निर्णय पर रोक लगाने की मांग की है। प्रियंका ने पत्र में तीखा सवाल पूछा है कि जब सरकार का उद्देश्य दूरी घटाना है, तो बिलिया की दूरी को 18 से बढ़ाकर 35 किमी कैसे कर दिया गया? क्या यह सुशासन है या ग्रामीणों पर थोपी गई सजा?
एक ही दिन में दो दिशाओं में भटकने का 'प्रशासनिक चक्रव्यूह':
प्रियंका गोस्वामी ने जयपुर भेजे गए अपने पत्र में सबसे बड़ा प्रशासनिक विरोधाभास उजागर किया है। बिलिया पंचायत का थाना, तहसील, उपखंड कार्यालय और अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) कार्यालय पहले से ही शाहपुरा में स्थित हैं। अब पंचायत समिति को दूसरी दिशा में 35 किमी दूर रखना एक बड़ी प्रशासनिक भूल है। इससे ग्रामीणों को एक ही दिन में दो अलग-अलग दिशाओं (शाहपुरा और फूलिया कलां) का चक्कर काटना पड़ेगा।
न सुगम रास्ता, न पर्याप्त साधन; कौन सुनेगा बुजुर्गों की पुकार?
प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शाहपुरा के लिए सीधी डामर सड़क और पर्याप्त साधन मौजूद हैं, जबकि फूलिया कलां जाने के लिए अन्य पंचायतों से घूमकर दुर्गम रास्तों से गुजरना पड़ता है जहाँ साधनों का भी भारी अभाव है। शाहपुरा में जिला अस्पताल और कॉलेज होने के कारण ग्रामीण वैसे भी वहां रोज जाते हैं। प्रियंका गोस्वामी ने मांग की है कि जनहित में बिलिया को पुनः शाहपुरा पंचायत समिति में जोड़ा जाए।