ब्यावर में नकली घी बनाने का भंडाफोड़, एसेंस डालकर तैयार कर रहे थे ब्रांडेड घी।
By Shubh Bhaskar ·
11 Jan 2026 ·
26 views
ब्यावर में नकली घी बनाने का भंडाफोड़, एसेंस डालकर तैयार कर रहे थे ब्रांडेड घी।
जयपुर-राजस्थान के ब्यावर में तेल के बाद अब ब्यावर में नकली घी बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। साकेत नगर थाना पुलिस ने एसेंस और कलर मिलाकर देशी घी जैसा दिखने वाला नकली घी तैयार करने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से पुलिस ने 13 लीटर ब्रांडेड नाम से तैयार घी के पैकेट, सरस ब्रांड की थैलियां, स्टील की टंकी, तौलने का कांटा, पैकिंग सामग्री सहित एसेंस व कलर बरामद किए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को ब्यावर शहर के जालिया रोड पर घी के पैकेट लदान की शिकायत मिली थी। इस पर निगरानी की गई तो सामने आया कि वहां न तो किसी प्रकार की घी एजेंसी है और न ही मवेशी मौजूद हैं, इसके बावजूद देशी घी की सप्लाई की जा रही थी।
सीआई जितेंद्र फौजदार के नेतृत्व में साकेतनगर थाना पुलिस ने जालिया रोड स्थित गोदाम पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि वनस्पति घी में एसेंस और कलर मिलाकर देशी घी तैयार किया जा रहा था। मौके से सरस घी की पैकिंग के रेपर, पैकिंग मशीन, तौलने की मशीन तथा 13 लीटर तैयार नकली घी बरामद हुआ।
पुलिस ने इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा अधिकारी व सरस डेयरी प्रबंधन को दी। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह एवं सरस डेयरी की टीम पहुंची। खाद्य सुरक्षा टीम ने घी के सैंपल लिए, जबकि सरस टीम ने स्पष्ट किया कि बरामद रेपर व घी उनके ब्रांड के नहीं हैं। पुलिस ने घी, रेपर, पैकिंग मशीन, कांटा और स्टील टंकी जब्त कर थाने भिजवाए। मामले में जितेंद्र जांगिड़ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
*नेटवर्क खोलेगी पुलिस*
पुलिस अब नकली घी और तेल बनाने वाले पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि एसेंस और कलर कहां से लाए जा रहे थे, रेपर कौन छाप रहा था और सप्लाई किस-किस क्षेत्र में हो रही थी। उद्देश्य पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना है।
*पहले भी हो चुकी है कार्यवाही*
उल्लेखनीय है कि साकेतनगर थाना पुलिस ने दो दिन पहले ही एसेंस से तेल तैयार करने का जखीरा पकड़ा था। उस मामले में आरोपी कृष्णा साहू को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस उससे भी गहन पूछताछ कर रही है।