ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

भीलवाड़ा में चल रहा ब्यूटी सैलून व स्पा के नाम पर देह व्यापार

By Shubh Bhaskar · 07 Jan 2026 · 195 views
भीलवाड़ा में चल रहा ब्यूटी सैलून व स्पा के नाम पर देह व्यापार

शाहपुरा(भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

भीलवाड़ा-शहर में ब्यूटी सैलून और स्पा के नाम पर देह व्यापार संचालित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मानसरोवर झील के पास स्थित मानसरोवर ब्यूटी सैलून एंड स्पा पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान थाईलैंड की एक युवती सहित पांच युवतियां और चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्पा में बॉडी मसाज की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना में विदेशी युवतियों के शामिल होने की भी जानकारी थी। इसके बाद सीओ सिटी सज्जन सिंह के निर्देशन में प्रतापनगर थानाधिकारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में निर्भया स्क्वॉड और महिला पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। योजना के तहत एक कॉन्स्टेबल को बोगस ग्राहक बनाकर स्पा में भेजा गया। वहां रिसेप्शन पर बॉडी मसाज के नाम पर पहले 500 रुपये लिए गए। इसके बाद अंदर मौजूद युवती ने अतिरिक्त सेवाओं के लिए 1500 रुपये की मांग की। तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने स्पा में दबिश दी और मौके से सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। छापे के दौरान स्पा संचालक रामरतन कुमावत निवासी शाहपुरा के कलिंजरी गेट, हाल निवासी न्यू बापूनगर के पीछे, उसका हेल्पर जगदीश प्रजापत निवासी बापूनगर, ग्वालियर निवासी होटल कर्मचारी पराग चतुर्वेदी तथा सदर थाना क्षेत्र के दांथल निवासी कैलाशचंद्र जाट को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही पांच युवतियों को पीटा एक्ट के तहत पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई युवतियों में एक थाईलैंड, तीन नई दिल्ली और एक उदयपुर की निवासी है। पराग चतुर्वेदी और कैलाशचंद्र जाट ग्राहक के रूप में स्पा में मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा संचालक बॉडी मसाज की आड़ में देह व्यापार का संचालन कर रहा था। मसाज की फीस अलग ली जाती थी, जबकि अन्य सेवाओं के लिए अतिरिक्त राशि वसूली जाती थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube