ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

जिलाधिकारी ने कॉलेज में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई, नियमों के पालन का दिया संदेश

By Shubh Bhaskar · 06 Jan 2026 · 10 views
जिलाधिकारी ने कॉलेज में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई, नियमों के पालन का दिया संदेश

दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश गोण्डा। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ललिता शास्त्री सभागार, श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए सभी को उनके पालन की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है,इसलिए सभी को जिम्मेदार नागरिक की तरह सड़क पर आचरण करना चाहिए। जिलाधिकारी ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे सड़क सुरक्षा नियमों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक और दूरगामी संदेश जाता है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने भी सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय ने यातायात नियमों, वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्यता तथा सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एलबीएस पीजी कॉलेज गोण्डा के प्राचार्य ने महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं संबंधित अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक व जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube