अल्केमी एकेडमी साथीन में दस दिवसीय एनसीसी सीएटी कैंप प्रारंभ
By Shubh Bhaskar ·
06 Jan 2026 ·
78 views
अल्केमी एकेडमी साथीन में दस दिवसीय एनसीसी सीएटी कैंप प्रारंभ
पीपाड़ सिटी। उपखंड क्षेत्र पीपाड़ शहर के निकटवर्ती ग्राम साथीन स्थित अल्केमी एकेडमी में राजस्थान आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा दस दिवसीय सी.ए.टी. कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 11 जनवरी तक आयोजित होगा।
अल्केमी एकेडमी साथीन के प्रबंध निदेशक जितेन्द्र सारण ने बताया कि कैंप के प्रथम दिन सीनियर व जूनियर डिवीजन के लगभग 450 कैडेट्स ने पंजीकरण करवाया।कैंप में मंगलवार को कैंप कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षवीर सिंह ने उद्घाटन संबोधन में सभी कैडेट्स, पीआई स्टाफ तथा एएनओ को संबोधित करते हुए कहा कि युद्ध के समय एनसीसी देश की “सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस” होती है। उन्होंने बताया कि 1965 व 1971 के युद्ध में एनसीसी ने भारतीय सेना को स्वयंसेवक के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया था।उन्होंने कैडेट्स को कैंप के दौरान सकारात्मक आचरण रखने एवं विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा एनसीसी से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक बनने का संदेश दिया।कैंप का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र सेवाओं की गतिविधियों से परिचित कराना है। शिविर के दौरान पीटी, खेल, योग, ड्रिल, अध्ययन कक्षाएं, अतिथि व्याख्यान, फायरिंग, वाद-विवाद, निबंध लेखन, चित्रकला, मैप रीडिंग तथा अन्य अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।इस अवसर पर आरआईएस सतनाम सिंह, नायक सूबेदार सिकंदर सिंह, एसडीएम हजारीलाल, समस्त पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ, एएनओ, विद्यालय प्रबंध निदेशक जितेन्द्र सारण, फाउंडर कैप्टन उम्मेदराम सारण, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश सारण, अल्केमिस्ट रामचन्द्र कुड़िया, बहादुर प्रकाश सारण सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।