इतिहास के पन्नों से रूबरू हुए संस्कार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी, हल्दीघाटी की माटी में महसूस किया महाराणा का स्वाभिमान
By Shubh Bhaskar ·
05 Jan 2026 ·
106 views
इतिहास के पन्नों से रूबरू हुए संस्कार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी, हल्दीघाटी की माटी में महसूस किया महाराणा का स्वाभिमान
नवरतन औझा की खास रिपोर्ट
पीपाड़ शहर। शहर के प्रतिष्ठित संस्कार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से मेवाड़ और उदयपुर की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहरों का जीवंत अनुभव प्राप्त किया। स्कूल संचालक अजित गौड़ ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान को धरातल पर उतारना और विद्यार्थियों को राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, विशेषकर महाराणा प्रताप के अदम्य साहस और बलिदान से परिचित कराना रहा।
इतिहास और आधुनिकता का संगम
विद्यालय के संस्था प्रधान अजीत कुमार गौड़ ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्व प्रसिद्ध हल्दीघाटी के रणक्षेत्र, महाराणा प्रताप स्मारक और स्वामीभक्त अश्व चेतक की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने उदयपुर की प्रसिद्ध सहेलियों की बाड़ी, सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क और नाथद्वारा स्थित 'विश्वास स्वरूपं' (महादेव प्रतिमा) के दर्शन किए। इन स्थलों पर गाइडों और शिक्षकों के माध्यम से छात्रों ने मेवाड़ की वीर परंपरा और स्थापत्य कला की बारीकियों को समझा।इस भर्मण में केवल इतिहास ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मनोरंजन और शारीरिक विकास के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए। सूरज कुमार, अर्जुन शर्मा, महावीर जांगिड़, पूजा, ललिता, भाग्यश्री, संतोष, खुशी, निर्मला राठी, दुर्गा एवं ममता के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। म्यूजिकल चेयर, बॉल पास आउट और क्रिकेट जैसे खेलों में विद्यार्थियों ने जमकर उत्साह दिखाया।इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप मात्र एक राजा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। ऐसे भ्रमण से छात्रों में न केवल इतिहास के प्रति रुचि जागती है, बल्कि उनमें कठिन परिस्थितियों में भी अडिग रहने जैसे जीवन मूल्य विकसित होते हैं। यात्रा के अंत में सभी विद्यार्थियों ने मेवाड़ की मिट्टी से प्रेरणा लेकर देश सेवा का संकल्प लिया।