राजकीय कन्या महाविद्यालय में सात दिवसीय एनएसएस शिविर: नशे के विरुद्ध छात्राओं ने ली शपथ
By Shubh Bhaskar ·
05 Jan 2026 ·
64 views
राजकीय कन्या महाविद्यालय में सात दिवसीय एनएसएस शिविर: नशे के विरुद्ध छात्राओं ने ली शपथ
पीपाड़ सिटी। स्थानीय राजकीय कन्या महाविद्यालय में 'राष्ट्रीय सेवा योजना एवं 'नई किरण नशा मुक्ति केंद्र' के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता को लेकर आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. ईश्वर चंद्र शर्मा रहे। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए नशे को समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप बताया। डॉ. शर्मा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे न केवल स्वयं नशे की घातक प्रवृत्ति से दूर रहें, बल्कि अपने परिवार, समाज और आसपास के वातावरण को नशा मुक्त बनाने में एक सजग प्रहरी की भूमिका निभाएं।व्याख्यान के दौरान छात्राओं को नशे के विभिन्न प्रकारों और उनसे शरीर व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि युवाओं में बढ़ती नशे की लत राष्ट्र के भविष्य के लिए चिंताजनक है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही रोका जा सकता है।कार्यक्रम के अगले चरण में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के प्रभारी विकास तिवाड़ी के नेतृत्व में उपस्थित सभी छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाएंगी और एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देंगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के व्याख्याता एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।