ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

राजस्थान: लड़की वालों ने काटी बेटी के जेठ की नाक, तो लड़के वालों ने तोड़ दी बहू के चाचा की टांग

By Shubh Bhaskar · 19 Dec 2025 · 32 views
बाड़मेर: जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र स्थित जीवानियों की ढाणी में प्रेम विवाह को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद हिंसक झड़प में बदल गए. इस घटना में दोनों पक्षों के लोग गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है.


जानकारी के अनुसार, जीवानियों की ढाणी के 25 वर्षीय श्रवण सिंह ने करीब ढाई साल पहले पड़ोस की युवती से प्रेम विवाह किया था. युवती के परिजन इस शादी से नाराज थे और तब से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था. इसी रंजिश के चलते श्रवण सिंह के बड़े भाई उक सिंह और युवती के चाचा धर्म सिंह के बीच विवाद चल रहा था.

बुधवार को उक सिंह अपने खेत में फसल देखने गए थे. आरोप है कि इसी दौरान धर्म सिंह और उनके साथियों ने उक सिंह पर हमला किया और चाकू से उसकी नाक काट दी. घायल उक सिंह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद श्रवण सिंह के परिजन आक्रोशित हो गए और रास्ते में धर्म सिंह को रोककर उन पर हमला किया, जिसमें धर्म सिंह को पैर में गंभीर चोट आई. उक सिंह को सांचौर और धर्म सिंह को जोधपुर रेफर किया गया.

बाड़मेर एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया. दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए. उक सिंह के बयान पर युवती के परिजनों शंकर सिंह, शैतान सिंह, तनसिंह और सुमेर सिंह को गिरफ्तार किया गया, जबकि धर्म सिंह के बयान पर नारायण सिंह, आलम सिंह और जालम सिंह को हिरासत में लिया गया.

एसपी ने कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube