केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री ने नमो वन बायोडावर्सिटी पार्क में प्रातः भ्रमण के दौरान आमजन से किया संवाद।
By Shubh Bhaskar ·
02 Jan 2026 ·
11 views
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री ने नमो वन बायोडावर्सिटी पार्क में प्रातः भ्रमण के दौरान आमजन से किया संवाद।
स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, प्रकृति से जुड़ने एवं पर्यटन स्थल को प्रमोट करने का दिया संदेश।
जिले के बुनियादी ढांचे की मजबूती के साथ-साथ चहुंमुखी विकास को बताया प्राथमिकता।
सभी नागरिकों को नव वर्ष की दी शुभकामनायें।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अलवर प्रवास के दौरान प्रातःभ्रमण नमो वन बायो डावर्सिटी पार्क में किया,इस दौरान सैर पर आये लोगों से उन्होंने जिले के विकास पर संवाद किया।
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री यादव ने भ्रमण कर रहे लोगों से संवाद के दौरान उन्होंने नव वर्ष की शुभकामनायें देकर अलवर की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि अलवर का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करते हुए अलवर जिले के आधारभूत ढांचे की मजबूती की दिशा में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे से बड़ौदा में पनियाला 06 लाइन हाईवे को जोड़ा गया है,जिससे जिले में बेहतर रोड कनेक्टिविटी के साथ आमजन को समय की बचत होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग -921 के महवा- मंडावर- राजगढ़ क्षेत्र को पेव्ड शोल्डर के साथ फोर लेन बनाने हेतु 862.22 करोड रुपए की स्वीकृति जारी की गई है, इस परियोजना से महवा बाईपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग -921 के जंक्शन से कोठी नारायणपुर के पास राज्य राजमार्ग -25 तक कार्य होगा। उन्होंने बताया कि रोड कनेक्टिविटी के साथ-साथ जिले में रेलवे के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य किये जा रहे हैं, जिसके तहत रेलवे स्टेशन के नए भवन निर्माण कार्य का जल्द शिलान्यास किया जाएगा।
केंद्रीय वन मंत्री यादव ने बताया कि जिले में खेल कल्चर को विकसित करने के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष फोकस किया जा रहा है, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन का आयोजन 08 फरवरी 2026 को किया जाएगा। वहीं खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए गौरी देवी महाविद्यालय में बैडमिंटन कोर्ट बनाया जा रहा है। तथा जिले एवं शाहजहांपुर में हॉकी खेल को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में राजीविका स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर महिला सशक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है, वहीं पशुपालकों संबल प्रदान करने के लिए सरस डेयरी को सुदृढ़ करने की दिशा में 350 करोड रुपए की लागत से डेयरी में 05 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के नवीन दूध प्लांट का कार्य प्रक्रियाधीन है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार कृषक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, इसी दिशा में जिले में प्याज के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए एफपीओ के माध्यम से जॉइंट प्रोग्राम तैयार किया जा रहा है।
अंत में उन्होंने कहा कि अलवर का सांसद होने के नाते आमजन की भावना के अनुरूप अलवर जिले को आगे बढाने के साथ-साथ विकास कार्यों को और गति देने काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जिले की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण भी किया जाएगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, श्री घनश्याम गुर्जर, श्री जितेंद्र राठौड़, श्री महेश निहलवानी, श्री निलेश खंडेलवाल, श्री नरेश गोयल, श्री प्रमोद विजय, श्री मुकेश विजय, श्री प्रेम पटेल, श्री देशराज खरेरा सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं आमजन मौजूद रहे।