ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर आठवे दिन भी रहा राजगढ़ बंद।

By Shubh Bhaskar · 01 Jan 2026 · 88 views
केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर आठवे दिन भी रहा राजगढ़ बंद।
वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा व
पूर्व जयपुर संभाग प्रभारी व जिला अध्यक्ष पंडित धर्मवीर शर्मा के आश्वासन के बाद धरना हुआ स्थगित।

आठवें दिन मंत्री शर्मा पूर्व जयपुर संभाग प्रभारी पं. धर्मवीर शर्मा राजगढ़ पहुंचे, अनशन तुड़वाया, कहा एक माह में हल निकालेंगे।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़-केंद्रीय विद्यालय को राजगढ़ से हटाकर रैणी के दलालपुरा शिफ्ट करने के विरोध में आठ दिन से चल रहा जन आंदोलन बुधवार रात वन मंत्री संजय शर्मा से एक माह में हल निकालने का आश्वासन मिलने के बाद स्थगित हो गया। मंत्री शर्मा रात करीब 9:15 बजे धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पांच दिन से अनशन पर बैठे राजगढ़ आवाज मंच के मुकेश जैमन,प्रधान श्री राम सहित सभी अनशनकारियों को पानी व जूस पिलाकर आंदोलन खत्म कराया। मंत्री शर्मा ने कहा कि जो जमीन मंच की और से बताई गई है और प्रशासन ने देखी है उन्हें मिलाकर एक माह में सारगर्भित हल निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने लोगों की एकजुटता को साधुवाद दिया। मंच के मुकेश जैमन ने कहां की अभी यह आंदोलन स्थगित किया जाता है। हमें सरकार के मंत्रियों पर भरोसा है।
*मजदूरी करने वालों ने बताया, रोज 500 कमाते थे अब 100 भी नहीं जुड़ रहे*
बाजार बंद होने से रोज मजदूरी करने वाले, रिक्शा चालक,ठेली वालों का काम भी ठप्प पड़ा रहा। रोज मजदूरी करने वालो ने बताया कि सामान्य दिनों में रोजाना करीब 500 रूपए की मजदूरी हो जाती थी। बाजार बंद होने के कारण 100 रुपए की मजदूरी भी नहीं होती थी। परिवार का खर्चा चलना मुश्किल हो रहा था। वहीं मोबाइल विक्रेताओं ने बताया की ०8 दिन में मोबाइल मार्केट में रोजाना करीब ढाई-तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ। नमकीन के ठेले लगाने वाले मजदूरों ने बताया कि स्कूल राजगढ़ में खुलने के बाद ही जिंदगी पटरी पर आएगी। व्यापारियों का कहना है कि ०8 दिन बाजार बंद होने से कस्बे में करीब 50 करोड़ का व्यापारिक नुकसान हुआ।
मंत्री संजय शर्मा के साथ एडीएम मुकेश कायथवाल और भाजपा के पूर्व जयपुर संभाग प्रभारी व पूर्व जिलाध्यक्ष तथा अभय समाज अध्यक्ष पंडित धर्मवीर शर्मा भी मौजूद रहे। इससे पहले दिनभर लोग धरना स्थल पर बैठे रहे बीते चार दिन में यहां सुंदरकांड एवं संध्याए हुई। धरना स्थल पर ०8 दिन में खाने पीने की व्यवस्था जन सहयोग से की जा रही थी।
*अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया*
मांग को लेकर राजगढ़ आवाज मंच के मुकेश जैमन पांच दिन से अनशन पर थे। उनके बाद दिनेश प्रधान,श्री राम सैनी,रवि नरूका, एवं निरंजन सैनी भी बैठे। लोकेश उपाध्याय,रवि तपन सिंह,अभिमन्यु तिवाडी, राम अवतार मीणा अमर सिंह वर्मा पूर्व सरपंच, अरुण भारती, दिनेश छोटेलाल सैनी भगवान सैनी गोकुल सैनी (अध्यक्ष सब्जी मंडी) सहित 10 लोग क्रमिक अनशन कर रहे थे। बुधवार को मेडिकल टीम ने सभी की स्वास्थ्य जांच की। बुधवार को गुरुद्वारा सिंह सभा ने भी राजगढ़ में ही केंद्रीय विद्यालय की मांग का समर्थन किया। आंदोलन स्थल पहुंचे सभा के प्रतिनिधियों ने लंगर व्यवस्था में सहयोग का आश्वासन दिया था।
*गोविंद देव जी मंदिर तक पेट पलनिया परिक्रमा दी*
गुरुवार को राजगढ़ आवाज मंच के संयोजक मुकेश जैमन व अन्य लोगों ने वन मंत्री,पूर्व जयपुर संभाग प्रभारी व पूर्व जिलाध्यक्ष और अभय समाज के अध्यक्ष पंडित धर्मवीर शर्मा के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित होने पर धरना स्थल गोल सर्किल से गोविंद देव जी मंदिर तक पेट पलनिया परिक्रमा दी। इस दौरान कस्बेवासियों ने राधा गोविंद भगवान की जय तथा भगवान गोविंद की जयकारों से सारा वातावरण गुंजायमान हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
*आठ दिन बाद खुले बाजार जनजीवन हुआ सामान्य*
नववर्ष पर राजगढ़ कस्बा के बाजार आठ दिन के बाद वापस खुले। सुबह से ही बाजार खोलने पर जनजीवन सामान्य हो गया। आठ दिनों से बंद होने के कारण व्यापारियों ने दुकानें खोली। नववर्ष होने के कारण बाजार में रौनक रही। लोगों ने बताया कि एक महीने के अंदर केंद्रीय विद्यालय को राजगढ़ में नहीं खोला गया तो जनता इससे बड़ा कदम भी उठा सकती है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube