सांसद नवीन जिन्दल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष कुरुक्षेत्र लोकसभा से जुड़े रेलवे के महत्वपूर्ण विषय रखें
By Shubh Bhaskar ·
31 Dec 2025 ·
37 views
सांसद नवीन जिन्दल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष कुरुक्षेत्र लोकसभा से जुड़े रेलवे के महत्वपूर्ण विषय रखें
दैनिक शुभ भास्कर हरियाणा अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिन्दल ने आज माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से भेंट कर कुरुक्षेत्र लोकसभा से जुड़े रेल एवं आधारभूत संरचना से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर एक अत्यंत सार्थक और दूरदर्शी चर्चा की। इस बैठक में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के नागरिकों की दैनिक यात्रा, सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई अहम प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श भी किया गया।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि रेल और लॉजिस्टिक्स किसी भी क्षेत्र की कनेक्टिविटी, आर्थिक प्रगति और जन-सुविधा की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि वे निरंतर कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के जनहित के सभी मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे और केंद्र सरकार के सहयोग से जमीनी स्तर पर व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम छू सके।
उपरोक्त जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के दृष्टिकोण के साथ उन्होंने कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर तथा हरियाणा के अन्य क्षेत्रों से जुड़े रेल संबंधी मुद्दों को माननीय रेल मंत्री के समक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि इस बैठक के दौरान प्रमुख रूप से रेलवे की खाली पड़ी भूमि के बेहतर उपयोग का विषय उठाया गया, ताकि उसका उपयोग सार्वजनिक कार्यों, नागरिक सुविधाओं और विकासात्मक परियोजनाओं के लिए किया जा सके। इससे न केवल शहरी विकास को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि कुरूक्षेत्र जंक्शन और कैथल रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। सांसद नवीन जिन्दल ने स्टेशन पर बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छता, पार्किंग, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं और आधुनिक यात्री सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे यात्रियों को एक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक अनुभव मिल सके।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही प्रस्तावित कुरुक्षेत्र रेलवे बाईपास और सैटेलाइट स्टेशन की योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस परियोजना से जहां एक ओर मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी, वहीं दूसरी ओर शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव भी कम होगा, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कैथल के रामनगर क्षेत्र में बंद पड़े लेवल क्रॉसिंग की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की। यह लेवल क्रॉसिंग क्षेत्रवासियों की दैनिक आवाजाही के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने से स्थानीय लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ-साथ यमुनानगर के फरकपुर क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टील फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। यह पुल विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की इस बैठक का उद्देश्य आम नागरिकों की यात्रा को अधिक सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने सांसद नवीन जिन्दल ने माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के इस सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोगात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया।