नाथद्वारा गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय को मिला 'नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन' NQAS जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने दी बधाई ।
By Shubh Bhaskar ·
11 Apr 2026 ·
22 views
नाथद्वारा गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय को मिला 'नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन' NQAS
जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने दी बधाई ।
दैनिक शुभ भास्कर किशन लाल मेघवाल राजसमंद जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में शुक्रवार को एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। जिले के नाथद्वार श्री गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय नाथद्वारा को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स NQAS के तहत 'क्वालिटी सर्टिफाइड' घोषित किया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र NHSRC द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, इस चिकित्सालय ने गुणवत्ता के कड़े राष्ट्रीय मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 88.43% का शानदार स्कोर प्राप्त किया है।
जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा ने टीम जिला चिकित्सालय नाथद्वारा सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजसमंद को बधाई दी है। सीएमएचओ डॉ हेमंत बिंदल ने कहा है कि यह गत वर्षों में हुए सकारात्मक प्रयासों का परिणाम है।
सघन मूल्यांकन और उत्कृष्ट परिणाम:
सीएमएचओ ने बताया कि यह प्रतिष्ठित प्रमाणन चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और प्रबंधन की कुशलता को दर्शाता है। केंद्रीय टीम द्वारा 25 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक चिकित्सालय का विस्तृत बाह्य मूल्यांकन External Assessment किया गया था। इस दौरान अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे फार्मेसी, ओपीडी, ब्लड बैंक, आईसीयू, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर OT और लैब सहित कुल 19 विभागों की बारीकी से जांच की गई।
प्रमुख उपलब्धियां और स्कोर:
मूल्यांकन के दौरान अस्पताल ने कई महत्वपूर्ण मानकों पर शत-प्रतिशत अंक अर्जित किए-
100% स्कोर: ब्लड बैंक प्रबंधन, संज्ञाहरण -सेवाएँ Anaesthetic Services और परिवार नियोजन सेवाओं में अस्पताल ने पूर्ण अंक प्राप्त किए।
मरीजों की संतुष्टि:
मेरा अस्पताल' फीडबैक पोर्टल पर मरीजों की संतुष्टि का स्तर 85.67% दर्ज किया गया, जो अस्पताल के प्रति जनता के भरोसे का प्रमाण है।विभागीय प्रदर्शन: आईपीडी IPD विभाग ने 95.39%, मेटरनिटी वार्ड ने 92.82% और इमरजेंसी विभाग ने 80.94% का प्रभावशाली स्कोर हासिल किया।
अब गुणवत्ता की निरंतरता पर जोर:
NHSRC के सलाहकार डॉ. आर.के. पठानी द्वारा जारी रिपोर्ट में राज्य की टीम और चिकित्सालय प्रशासन को इस उपलब्धि पर बधाई दी गई है। प्रमाणन के साथ ही यह निर्देश भी दिए गए हैं कि चिकित्सालय सुधार के चिह्नित क्षेत्रों पर कार्य जारी रखे ताकि भविष्य में होने वाले निगरानी ऑडिट Surveillance Audits में भी इस मानक को बनाए रखा जा सके।
गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय को मिला यह नेशनल सर्टिफिकेट न केवल राजसमंद बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव की बात है। यह प्रमाणन सिद्ध करता है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में भी निजी अस्पतालों के समकक्ष या उनसे बेहतर विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस उपलब्धि से अब स्थानीय नागरिकों को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा