रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में चौपाल का अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान एवं संवाद
By Shubh Bhaskar ·
10 Apr 2026 ·
10 views
रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में चौपाल का
अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान एवं संवाद
सरकार की योजनाओं का आमजन को मिले लाभ : जिला कलक्टर
दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को निम्बाहेड़ा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अरनिया जोशी के मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की जन समस्याएं सुनीं तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें जिला प्रशासन के समक्ष रखीं।
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसलिए प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो प्रकरण मौके पर निस्तारित नहीं हो सके हैं, उनका शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत क्षेत्र के 10वीं एवं 12वीं कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह समय पढ़ाई और खेलकूद का है, इसलिए टीवी, मोबाइल और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य की ओर मेहनत करें। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी 12वीं तक की पढ़ाई सरकारी विद्यालय में हिंदी माध्यम से की है और निरंतर मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है।
जिला कलक्टर ने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि बच्चों पर पढ़ाई को लेकर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें अपने रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें और सहयोग प्रदान करें।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या, सड़क निर्माण, टूटी सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, भूमि पट्टे बनाने, गंभीरी डेम की भूमि का म्यूटेशन खोलने, खेतों तक रास्ता उपलब्ध कराने, पुलिया निर्माण, राजस्व रिकॉर्ड सुधार, राजस्व बंटवारा, खातेदारी, नई आबादी में आम रास्ता शुरू करने, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली कनेक्शन, डीपी परिवर्तन, पेंशन, फसल बीमा की किस्त का भुगतान तथा मंदिर में लाइट कनेक्शन जैसी विभिन्न समस्याएं रखी गईं। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।