जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित* अवैध वाहनों की नियमित जांच के निर्देश
By Shubh Bhaskar ·
31 Mar 2026 ·
9 views
*जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित*
अवैध वाहनों की नियमित जांच के निर्देश
दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट के समिति कक्ष में
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से ब्लैक स्पॉट के सुधार एवं सुगम यातायात के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर देते हुए अवैध वाहनों एवं बिना नंबर प्लेट के वाहनों की नियमित जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने गत बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) रामचंद्र खटीक सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।