ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

निजी बस और कार में जोरदार टक्कर 30 से ज्यादा लोग घायल

By Shubh Bhaskar · 24 Mar 2026 · 30 views
निजी बस और कार में जोरदार टक्कर 30 से ज्यादा लोग घायल

शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा-भीलवाड़ा रोड स्थित प्रतापपुरा चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक निजी यात्री बस और कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में लगभग 30 से 33 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुआ जब प्रतापपुरा चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच संतुलन बिगड़ गया। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और
प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहपुरा उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा, तहसीलदार भीमराज परिहार, पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश विश्नोई और शाहपुरा थाना अधिकारी सुरेश चंद्र दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर राहत कार्यों का जायजा लिया और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत जिला सेटेलाइट अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया। शाहपुरा सेटेलाइट अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही चिकित्सा कर्मियों ने युद्धस्तर पर उपचार शुरू किया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक जैन ने बताया कि हादसे में कुल 33 से अधिक लोग अस्पताल लाए गए हैं। इनमें से 8 यात्रियों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद 3 मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल उच्च उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है। शेष 25 घायलों का शाहपुरा अस्पताल में ही उपचार चल रहा है, जिनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज गति या चौराहे पर मौके के दौरान असावधानी को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और अस्पताल में समुचित दवाइयों एवं रक्त की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube