जयपुर पुलिस की कार्यवाही: ट्रैफिक सिग्नलों पर वसूली करने वाले ०9 फर्जी किन्नर गिरफ्तार।
By Shubh Bhaskar ·
24 Mar 2026 ·
73 views
जयपुर पुलिस की कार्यवाही: ट्रैफिक सिग्नलों पर वसूली करने वाले ०9 फर्जी किन्नर गिरफ्तार।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस ने ट्रैफिक सिग्नलों पर लोगों से पैसे वसूलने वाले ०9 लोगों को गिरफ्तार कर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों में ०8 पुरुष ऐसे हैं, जो किन्नर बनकर लोगों को गुमराह कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब से किन्नरों की बोलचाल, आशीर्वाद और बद्दुआ देने का तरीका सीखकर लोगों के बीच असली किन्नर होने का नाटक करते थे। ये आरोपी साड़ी-ब्लाउज पहनकर, नकली बाल लगाकर और हाव-भाव बदलकर खुद को इस तरह पेश करते थे कि आम व्यक्ति उनके झांसे में आ जाता था।
गिरफ्तार किए गए ०9 लोगों में एक वास्तविक किन्नर भी शामिल है, जिसे इस गिरोह का मुखिया बनाया गया था। बाकी सदस्य अपनी कमाई का एक हिस्सा उसे देते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली-अजमेर हाईवे सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों को बद्दुआ का डर दिखाकर लाखों रुपये की वसूली कर चुका है।
इस मामले पर सामाजिक कार्यकर्ता किन्नर पुष्पा माई ने चिंता जताते हुए कहा कि जिस तरह दिव्यांग व्यक्तियों के लिए प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं, उसी तरह किन्नरों के लिए भी पहचान प्रमाण पत्र की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि फर्जी लोगों पर लगाम लगाई जा सके। उन्होंने यह भी माना कि किन्नरों का भेष धारण कर कई लोग ठगी जैसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।
हालांकि, यह भी एक बड़ा सवाल है कि यदि प्रमाण पत्र की व्यवस्था लागू होती है, तब भी आम लोग ऐसे हालात में उनसे प्रमाण मांगने की स्थिति में नहीं होते, क्योंकि अक्सर डर और दबाव के चलते लोग पैसे देकर पीछा छुड़ाना ही बेहतर समझते हैं।
पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इस तरह के मामलों पर सख्ती से कार्यवाही करने की बात कही है।