ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

सीएचसी भवन निर्माण को लेकर बड़ौदामेव में विवाद, ग्रामीणों ने उठाए सवाल।

By Shubh Bhaskar · 18 Mar 2026 · 14 views
सीएचसी भवन निर्माण को लेकर बड़ौदामेव में विवाद, ग्रामीणों ने उठाए सवाल।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- बड़ौदामेव कस्बे के पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन के नए निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में मूल स्थान और परंपरागत व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है, जिससे भविष्य में आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वरिष्ठ नागरिक भगवान सहाय उपाध्याय ने बताया कि यह अस्पताल वर्षों पुराना है और इसकी लोकेशन प्रारंभ से ही शिवालय व मुख्य सड़क की ओर से जुड़ी रही है। उनका कहना है कि वर्तमान में भवन का निर्माण उत्तर दिशा की ओर किया जा रहा है, जिसे उन्होंने गलत दिशा बताते हुए जनहित के खिलाफ बताया। उनका यह भी कहना है कि इससे अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार भी अनुपयुक्त स्थान पर बन रहा है, जिससे मरीजों और परिजनों को असुविधा होगी।
इस मुद्दे पर पूर्व सरपंच जगदीश प्रसाद खंडेलवाल ने भी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का मुख्य गेट हमेशा सामने की ओर रहा है और परंपरागत व्यवस्था के अनुसार अब भी उसे उसी दिशा में बनाया जाना चाहिए। उन्होंने इस स्थिति को अनावश्यक राजनीति का परिणाम बताते हुए कहा कि जनसुविधा से जुड़े मामलों में परंपरा और व्यावहारिकता दोनों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
वहीं प्रधान प्रतिनिधि गोपाल चौधरी ने बताया कि ग्रामीण निर्माण कार्य का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि प्रस्तावित योजना में ओपीडी और मुख्य प्रवेश द्वार को पीछे की ओर बनाया जा रहा है, जबकि सामने पर्याप्त खाली स्थान उपलब्ध है। उनका कहना है कि अस्पताल का मुख्य द्वार मुख्य सड़क की ओर होना चाहिए ताकि मरीजों को आवागमन में आसानी रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीएचसी भवन का निर्माण पुराने स्वरूप एवं सुविधाजनक दिशा को ध्यान में रखकर किया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube