विशेष पुनरीक्षण अभियान का आयुक्त व डीएम ने किया निरीक्षण, घर-घर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया परखी
By Shubh Bhaskar ·
12 Mar 2026 ·
22 views
विशेष पुनरीक्षण अभियान का आयुक्त व डीएम ने किया निरीक्षण, घर-घर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया परखी
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश
संतोष कुमार
बलरामपुर।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील एवं जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका बलरामपुर के मोहल्ला नई बस्ती एवं अलीजानपुरवा तथा विकास खंड बलरामपुर के ग्राम विशुनापुर के खमउवा में पहुंचकर डोर-टू-डोर सत्यापन की कार्यवाही का जायजा लिया। अधिकारियों ने घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील
आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने क्षेत्र के नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा कि जो भी युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए फॉर्म-06 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि समय पर पंजीकरण कराने से प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा।
बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश
इस अवसर पर संबंधित बीएलओ को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। सभी पात्र व्यक्तियों का फॉर्म-06 भरवाने, सत्यापन प्रक्रिया को गंभीरता से पूर्ण करने तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए सक्रियता से कार्य करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।