महाठग का 'क्लाइमेक्स': कोटा पुलिस ने बिहार में दबोचा ब्रेल लिपि घोटाले का मास्टरमाइंड। 8,500 लोगों से 2 करोड़ की लूट; 50 हजार का इनामी 'कुमार सानू' अब सलाखों के पीछे।
By Shubh Bhaskar ·
10 Mar 2026 ·
27 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
महाठग का 'क्लाइमेक्स': कोटा पुलिस ने बिहार में दबोचा ब्रेल लिपि घोटाले का मास्टरमाइंड।
8,500 लोगों से 2 करोड़ की लूट; 50 हजार का इनामी 'कुमार सानू' अब सलाखों के पीछे।
कोटा शहर पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी के एक ऐसे सनसनीखेज मामले का पटाक्षेप किया है जिसने 'समाजसेवा' के नाम पर हजारों परिवारों की जेब साफ कर दी थी। अनंतपुरा क्षेत्र में 'वर्क फ्रॉम होम' और 'ब्रेल लिपि' तैयार करने के नाम पर 2 करोड़ रुपये डकारने वाला मुख्य आरोपी कुमार सानू उर्फ दीपक सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कोटा रेंज आईजी की ओर से घोषित 50 हजार का यह इनामी ठग महीनों से बिहार के अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस को छका रहा था।
'नेकी' के नाम पर बुना ठगी का जाल
आरोपी ने 'ओएसिस इंटरप्राइजेज' के जरिए लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया। उसने झांसा दिया कि नेत्रहीनों के लिए ब्रेल लिपि पेपर तैयार करने के बदले उन्हें घर बैठे मोटी सैलरी मिलेगी। इस 'नेक काम' का हिस्सा बनने के लिए उसने प्रति व्यक्ति हजारों रुपये 'सिक्योरिटी डिपॉजिट' जमा कराए। देखते ही देखते करीब 8,500 लोग इसके झांसे में आ गए और आरोपी करोड़ों रुपये समेटकर चंपत हो गया।
SP तेजस्विनी गौतम की टीम का 'ऑपरेशन बिहार'
एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने इस गिरफ्तारी के लिए बिहार में हफ्तों तक डेरा डाले रखा। शातिर सानू बार-बार सिम कार्ड और लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस की तकनीकी टीम और 'लोकल इंटेलिजेंस' ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। बिहार के नालंदा से उसे दबोचकर कोटा लाया गया है।
"अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथ लंबे होते हैं।
हमारी टीम ने धैर्य और तकनीकी कौशल से इस इनामी ठग को पकड़ा है। अब इससे वसूली और अन्य साथियों की पूछताछ की जाएगी।"
— तेजस्विनी गौतम, एसपी, कोटा शहर