कोतवाली नगर थाने का वार्षिक निरीक्षण
By Shubh Bhaskar ·
26 Feb 2026 ·
12 views
कोतवाली नगर थाने का वार्षिक निरीक्षण
विकास कुमार ने किया कोतवाली नगर थाने का वार्षिक निरीक्षण
रजिस्टर, मालखाना, CCTNS व महिला हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली पर विशेष जोर
अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचना निस्तारण और रात्रि चेकिंग तेज करने के निर्देश
विशाल पाण्डेय की मौजूदगी में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक
थाना परिसर में वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार 26 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के साथ थाना कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्द से हुई, जिसके बाद एसपी ने मालखाना, हवालात, कार्यालय, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी व्यवस्था, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, आरक्षी बैरक और भोजनालय का विस्तृत निरीक्षण किया।
इसके बाद अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, निगरानी रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर और आगंतुक पंजिका समेत सभी अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रहरियों, बीट प्रभारियों और आरक्षियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर सतर्क नजर रखने तथा छोटी-छोटी घटनाओं की सूचनाएँ समय से एकत्र कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित समाधान, रात्रि चेकिंग बढ़ाने तथा अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई पर भी विशेष बल दिया गया।
सामुदायिक पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए जनचौपाल, महिला सुरक्षा कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को कहा गया। निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री, प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।