राजस्थान में निजी बस ऑपरेटर्स अनिश्चितकालीन हड़ताल पर।
By Shubh Bhaskar ·
24 Feb 2026 ·
63 views
राजस्थान में निजी बस ऑपरेटर्स अनिश्चितकालीन हड़ताल पर।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान में निजी बस संचालकों ने सोमवार रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। परिवहन विभाग की कार्यवाही के विरोध में स्टेज कैरिज और कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटरों ने चक्काजाम करते हुए प्रदेशभर में बसों का संचालन ठप कर दिया। हड़ताल के चलते करीब 40 हजार निजी बसों के पहिए थम गए हैं।
इसका सीधा असर रोजाना निजी बसों से सफर करने वाले लगभग 15 लाख यात्रियों पर पड़ा है। प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित जोधपुर,उदयपुर, कोटा और बीकानेर के लिए चलने वाली बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। इसके अलावा मध्यप्रदेश के इंदौर और गुजरात के अहमदाबाद के लिए संचालित स्लीपर बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।
जानकारी के अनुसार,जयपुर से प्रतिदिन करीब 25 हजार यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कराते हैं, लेकिन बस ऑपरेटरों ने 23 से 28 फरवरी तक की अग्रिम बुकिंग पहले ही रोक दी थी। हड़ताल के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बस संचालकों का कहना है कि परिवहन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही से वे आक्रोशित हैं और जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। मामले को सुलझाने के लिए आज फिर बस ऑपरेटरों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता प्रस्तावित है। अब सबकी नजर इस वार्ता के परिणाम पर टिकी हुई है।