ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

हरिसेवा धाम में सनातन मंगल महोत्सव के तहत नरेंद्र मोदी के मन की बात का 131 वा संस्करण सुनाया गया

By Shubh Bhaskar · 22 Feb 2026 · 21 views
हरिसेवा धाम में सनातन मंगल महोत्सव के तहत नरेंद्र मोदी के मन की बात का 131 वा संस्करण सुनाया गया

शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।

भीलवाड़ा–भीलवाड़ा के हरि सेवा धाम में सनातन मंगल महोत्सव के तहत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक संवाद ‘मन की बात’ का 131वां संस्करण सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हंसराम उदासीन, विधायक अशोक कोठारी, नगर निगम पूर्व महापौर राकेश पाठक सहित संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महामंडलेश्वर हंसराम उदासीन ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह मासिक संवाद राष्ट्र की आत्मा से निकली हुई सच्ची भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांवों, बस्तियों और समाज के अनदेखे नायकों को खोजकर देश के सामने लाना इस कार्यक्रम की विशेषता है। सेना, कृषि, शिक्षा और संत समाज से जुड़े प्रेरक कार्यों को सामने लाकर राष्ट्रभाव और सनातन चेतना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र रहेगा तो सनातन रहेगा, इसी भावना के साथ सनातन मंगल महोत्सव में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि मन की बात का हर एपिसोड देशवासियों को नई प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि इस बार भारतीय संस्कृति, विदेशों में भारतीय मूल के लोगों की उपलब्धियां, अंगदान की महत्ता और डिजिटल ठगी से सावधान रहने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। केरल की दस माह की बालिका आलिना के अंगदान और खिलाड़ी गौरांग बनर्जी के प्रत्यारोपण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को अंगदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के कर्तव्य और निष्काम सेवा के महत्व पर भी जोर दिया।
नगर निगम पूर्व महापौर राकेश पाठक ने कहा कि लगातार बारह वर्षों से जनता के साथ संवाद का यह अनूठा प्रयास विश्व में मिसाल है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से पूरे देश को एक दिशा देने का काम किया जा रहा है। अब मन की बात देशवासियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और हर महीने के अंतिम रविवार को लोग उत्सुकता से इसका इंतजार करते हैं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube