पेंशनर समाज अलवर के सहयोग से बालेटा गांव की विधवा महिला को मिला राशन किट।
By Shubh Bhaskar ·
22 Feb 2026 ·
85 views
पेंशनर समाज अलवर के सहयोग से बालेटा गांव की विधवा महिला को मिला राशन किट।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर जिले के बालेटा गांव में मानवता और सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश करते हुए एक जरूरतमंद विधवा महिला को राशन किट उपलब्ध करवाई गई। यह सराहनीय पहल रा.बा.उ.मा.वि. बालेटा की प्रधानाचार्य रक्तवीर संगीता गौड़ की प्रेरणा से संभव हो सकी।
प्रधानाचार्य संगीता गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि बालेटा गांव निवासी सुनीता हरिजन के पति का बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार में पति के अलावा कोई कमाने वाला नहीं होने से उनके चार छोटे बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया। सभी बच्चे बालिका विद्यालय में अध्ययनरत हैं और परिवार के सामने भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी।
इस परिस्थिति को देखते हुए प्रधानाचार्य संगीता गौड़ ने मानवीय संवेदनाओं के साथ पहल करते हुए समाजसेवियों से संपर्क किया। उनके आग्रह पर अलवर के समाजसेवी इंजीनियर अशोक मेठी ने तुरंत सहायता का हाथ बढ़ाया। अशोक मेठी पेंशनर समाज अलवर से जुड़े हुए हैं, जो समय-समय पर जरूरतमंद परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराता है।
समाज के अध्यक्ष मधुसूदन को जब इस परिवार की स्थिति से अवगत कराया गया तो उन्होंने तत्काल राशन किट उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अलवर से बालेटा तक राशन सामग्री पहुंचाने में प्रदीप गांधी का विशेष सहयोग रहा।
प्रधानाचार्य संगीता गौड़ एवं विद्यालय परिवार ने पेंशनर समाज अलवर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की इस छोटी सी पहल से एक परिवार को भूखा नहीं रहना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि संगीता गौड़ समय-समय पर वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम,मूक-बधिर बच्चों के आश्रमों तथा निर्धन परिवारों की सहायता के साथ-साथ जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध करवाने जैसे सेवा कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।