महिलाओं व बालिकाओं के लिए कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन।
By Shubh Bhaskar ·
21 Feb 2026 ·
53 views
महिलाओं व बालिकाओं के लिए कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर-अलवर जिले थानागाजी विधानसभा क्षेत्र में बाल मित्र ग्राम राजौर में कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन के सहयोग से महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में बढ़ते कैंसर के मामलों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारी मामन कुमार ने स्तन कैंसर,गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर और एनीमिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच,संतुलित आहार,स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाली देवी ने किशोरावस्था स्वास्थ्य,मासिक धर्म स्वच्छता,सेनेटरी पैड के उपयोग तथा पोषण संबंधी जानकारी दी। महिलाओं को स्तन कैंसर की स्वयं जांच (सेल्फ एग्जामिनेशन) की सरल विधि भी समझाई गई और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में पूजा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई महिलाएं समय पर उपचार नहीं ले पाती हैं, इसलिए ऐसे शिविरों का निरंतर आयोजन आवश्यक है। शिविर में लगभग 120 महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया।
अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पुस्तिकाएं वितरित की गईं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का संकल्प दिलाया गया। संस्था ने भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य,शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।