जयपुर सहित 13 जिलों में तेज बारिश हवा में ठंडक
By Shubh Bhaskar ·
18 Feb 2026 ·
6 views
जयपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश, ओले गिरे: हवा में ठंडक, तापमान में गिरावट।
13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राजस्थान का मौसम एक बार फिर बदल गया है। बुधवार सुबह राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में चने के आकार के ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और हवा में ठंडक घुल गई।
सुबह करीब ०4 बजे से जयपुर में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हुआ। दादी का फाटक, खिरणी फाटक सहित आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। बीते कई दिनों से बढ़ते तापमान के बाद लोगों को फिर से हल्की सर्दी का एहसास हुआ।
मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
अलवर में सुबह से रुक-रुककर बरसात
एनसीआर क्षेत्र के अलवर जिले में भी बुधवार सुबह ०5 बजे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है।
टोंक में 25 मिनट तेज बारिश
टोंक शहर में सुबह ०4 बजे करीब 25 मिनट तक तेज बारिश हुई। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को सुबह सर्दी महसूस हुई।
*अन्य जिलों में भी असर
पिछले 24 घंटों के दौरान* नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। नागौर में कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे।
श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री गिरकर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
कोटा में भी बदला मौसम
कोटा में सुबह 20 से 25 मिनट तक हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया।
*आगे कैसा रहेगा मौसम*?
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, इस सिस्टम का सबसे अधिक असर राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में रहेगा। 19 फरवरी को तापमान में हल्की गिरावट बनी रहेगी, लेकिन 20 फरवरी के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही जारी है और लोगों को अगले एक-दो दिन हल्की ठंड का एहसास हो सकता है।