7 से 13 अप्रैल तक नवकुंडीय श्री महारुद्र महायज्ञ, 12 अप्रैल को विशाल भजन संध्या हमीरगढ़
By Shubh Bhaskar ·
17 Feb 2026 ·
38 views
7 से 13 अप्रैल तक नवकुंडीय श्री महारुद्र महायज्ञ, 12 अप्रैल को विशाल भजन संध्या
हमीरगढ़
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
हमीरगढ़-श्री छोबावड़ी सगस जी धाम, रत्नेश्वर महादेव मठ, हमीरगढ़ में दिनांक 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक नवकुंडीय श्री महारुद्र महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महंत श्री 1008 पीठाधीश्वर साध्वी देवगिरी जी के पावन सान्निध्य में मंदिर समिति के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में महायज्ञ की विस्तृत रूपरेखा, संत-महात्माओं के स्वागत, यज्ञ व्यवस्था, भंडारा, यातायात एवं पार्किंग, प्रचार-प्रसार, सहयोग संग्रह तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गईं।
समिति सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक हवन-पूजन, धार्मिक प्रवचन एवं प्रसादी वितरण का आयोजन होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति संभावित है।
महायज्ञ के अंतर्गत दिनांक 12 अप्रैल को विशाल भजन संध्या का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक महावीर सांखला एवं जगदीश वैष्णव अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। भजन संध्या में शिव भक्ति एवं संत वाणी की विशेष प्रस्तुतियाँ होंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने तन, मन एवं धन से सहयोग प्रदान कर महायज्ञ को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से परिवार सहित पधारकर महायज्ञ एवं भजन संध्या में सहभागी बनने की अपील की है।