देश के राजनीतिक दलों ने सवर्ण समाज को निराश किया: *पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी*
By Shubh Bhaskar ·
17 Feb 2026 ·
8 views
देश के राजनीतिक दलों ने सवर्ण समाज को निराश किया: *पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी*
देश के राजनीतिक दलों ने सवर्ण समाज को निराश किया: *पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी*
राष्ट्रीय ब्राह्मण समन्वय समिति के गठन की घोषणा, पं. जुगल किशोर तिवारी ने रखी रूपरेखा!
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- प्रयागराज- लोकतांत्रिक व्यवस्था में पक्ष और विपक्ष सहित सभी राजनीतिक दलों पर सवर्ण समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय संयुक्त ब्राह्मण समाज समन्वय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में संपूर्ण सवर्ण समाज स्वयं को निराश महसूस कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी से संबंधित निर्णयों पर पुनर्विचार (रोलबैक) नहीं किया गया, तो सवर्ण समाज राजनीतिक विकल्प पर विचार करने के लिए बाध्य होगा।
पं. चतुर्वेदी यह उद्गार प्रयागराज स्थित जगत पिता ब्रह्म देव परिसर, नैनी में आयोजित राष्ट्रीय बैठक में व्यक्त कर रहे थे। बैठक का संयोजन सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता मिशन के संयोजक जुगल किशोर तिवारी ने किया, जबकि अध्यक्षता सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद कुमार मिश्रा ने की। देश के विभिन्न प्रांतों से आए ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
इस अवसर पर पं. जुगल किशोर तिवारी ने घोषणा की कि देशभर की ब्राह्मण संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक राष्ट्रीय ब्राह्मण समन्वय समिति का गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों में सक्रिय ब्राह्मण संगठनों को एक मंच पर लाकर समाज को संगठित करना और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी बैठकों में आंदोलनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में माघ मेला के दौरान अवि मुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा की गई। साथ ही “घूसखोर पंडित” नामक फिल्म को लेकर ब्राह्मण समाज की छवि धूमिल करने के आरोपों पर भी चिंता व्यक्त की गई तथा सेंसर बोर्ड की भूमिका पर सवाल उठाए गए।
बैठक में राष्ट्रीय ब्राह्मण बिहार महासभा के राष्ट्रीय संयोजक आशुतोष झा, विप्र सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला (रीवा), उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष नानक चंद शर्मा (हापुड़), सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शीतल प्रसाद पांडे (वाराणसी), अखिल भारतीय चाणक्य परिषद के संयोजक कृपा निधान तिवारी (अयोध्या), राधेश्याम शर्मा (नई दिल्ली), नरेंद्र पाराशर (राजस्थान), मनीषी परिषद से अधिवक्ता कपिल नारायण पांडे (सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली), अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के सचिव पंडित शैलेंद्र द्विवेदी,डॉ उपेंद्रनाथ त्रिपाठी,शिवशक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद उपाध्याय अधिकारी- कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा एवं पंडित शैलेश दुबे सहित विभिन्न ब्राह्मण संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।