टपूकड़ा फैक्ट्री में भीषण आग, ०7 मजदूरों के शव मिले; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका!
By Shubh Bhaskar ·
16 Feb 2026 ·
28 views
टपूकड़ा फैक्ट्री में भीषण आग, ०7 मजदूरों के शव मिले; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका!
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- राजस्थान के भिवाड़ी के टपूकड़ा क्षेत्र में स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की एक गत्ता फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब ०9 बजे फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। सुबह ०9 बजकर 22 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
फैक्ट्री के अंदर मजदूरों के फंसे होने की आशंका के चलते पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद अब तक ०7 मजदूरों के जले हुए शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं कई मजदूरों के लापता होने की सूचना है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा राहत कार्य जारी है। घायल मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।