सवर्ण एजेंडे पर राष्ट्रीय मंथन: प्रयागराज में जुटेगा ब्राह्मण समाज का शीर्ष नेतृत्व।
By Shubh Bhaskar ·
14 Feb 2026 ·
24 views
सवर्ण एजेंडे पर राष्ट्रीय मंथन: प्रयागराज में जुटेगा ब्राह्मण समाज का शीर्ष नेतृत्व।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- प्रयागराज- देशभर में सवर्ण समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर अब राष्ट्रीय स्तर पर मंथन की तैयारी की गई है। विभिन्न प्रांतों में सक्रिय ब्राह्मण संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं शीर्ष नेतृत्व 15 फरवरी 2026 को प्रयागराज में एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे।
यह बैठक माघ मेला क्षेत्र स्थित जगत पिता ब्रह्मदेव धर्मशाला, अरैल, नमामि गंगे, नैनी में आयोजित की जाएगी। बैठक में वर्तमान समय में सवर्ण समाज से जुड़े प्रमुख विषयों—यूजीसी से संबंधित मुद्दे, चर्चित फिल्म “घूसखोर पंडित”, आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा प्रकरण, शंकराचार्य विवाद सहित अन्य सामाजिक एवं प्रशासनिक विषयों—पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक का उद्देश्य इन मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श कर देशव्यापी रणनीति तैयार करना तथा समाज को संगठित दिशा प्रदान करना बताया गया है। आयोजन समिति के अनुसार, यह मंथन केवल किसी एक राज्य तक सीमित न रहकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रभाव डालने वाला होगा।
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र चतुर्वेदी, राष्ट्रीय सचिव पं. शैलेंद्र द्विवेदी, शैलेश दुबे एवं चंद्रशेखर शर्मा बैठक में शामिल होने के लिए उज्जैन से प्रयागराज के लिए रवाना हो चुके हैं।
समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में सवर्ण समाज के हितों और सम्मान से जुड़े विषयों पर एकजुट होकर विचार करना समय की आवश्यकता है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की जानकारी राष्ट्रीय स्तर पर साझा की जाएगी।