सर्व समाज हेल्प टीम की प्रेरणा: बेटे की शादी में दहेज के रूप में लिया मात्र एक रुपया
By Shubh Bhaskar ·
09 Feb 2026 ·
37 views
सर्व समाज हेल्प टीम की प्रेरणा: बेटे की शादी में दहेज के रूप में लिया मात्र एक रुपया
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ सकारात्मक संदेश देने का सराहनीय उदाहरण राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के गांव ककरोडी का बास धमरेड में देखने को मिला। यहाँ सर्व समाज हेल्प टीम के सदस्य लीलाराम भाबला ने अपने बेटे की शादी में दहेज के रूप में मात्र एक रुपया लेकर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लीलाराम भाबला के पुत्र अजित भाबला (शारीरिक शिक्षक) का विवाह ०5 फरवरी 2026 को ग्राम सूरेर निवासी विश्राम मीणा की पुत्री पूजा के साथ सम्पन्न हुआ।
सर्व समाज हेल्प टीम के संयोजक प्रकाश भाबला दुब्बी एवं सहसंयोजक सुनील भाकरी और सैतान भाकरी ने बताया कि टीम की प्रेरणा से यह विवाह पूर्ण रूप से सादगी और सामाजिक संदेश के साथ सम्पन्न कराया गया। विवाह समारोह में नेग, लगन, आगुनी और तोरण सहित सभी रस्में मात्र एक रुपये से सम्पन्न कराई गईं, जबकि दहेज के रूप में प्रतीक स्वरूप केवल चांदी का एक रुपये का सिक्का स्वीकार किया गया।
बताया गया कि सगाई के दौरान जब वधू पक्ष द्वारा दूल्हे के पिता लीलाराम भाबला से दहेज की मांग के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने कहा कि “आपने अपनी बेटी का पालन-पोषण कर उसे शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाया, वही हमारे लिए सबसे बड़ा धन है। हमें केवल कन्या और कलश चाहिए, अन्य किसी प्रकार की मांग नहीं है।”
विवाह के दौरान दूल्हे के पिता ने भावुक होते हुए कहा कि “आज से यह बेटी हमारे घर की लक्ष्मी है। यह मेरे बेटे-बेटी के समान है। मैं पुत्रवधू की हर जरूरत को पूरा करूंगा और उसे उतना ही नहीं, बल्कि उससे भी अधिक प्यार और सम्मान दूंगा।”
चांदी के एक रुपये के सिक्के से विवाह की रस्में पूर्ण करने के बाद दुल्हन और बारात को विदाई दी गई।
इस अवसर पर वर पक्ष से रामलाल,मांगेलाल,फैलीराम, लालचंद,रणजीत,धनपाल, ललित,मोहन और संजय सहित अनेक परिजन उपस्थित रहे। वहीं वधू पक्ष से मनोहरीलाल, विश्राम, लक्ष्मण, टुंडाराम, भगवत और पुण्याराम सहित परिवारजन एवं रिश्तेदार मौजूद रहे।
यह विवाह समारोह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और दहेज प्रथा के खिलाफ समाज में सकारात्मक संदेश दे रहा है।