सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पेंशनर्स को वर्ष 2026 हेतु वार्षिक भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश।
By Shubh Bhaskar ·
08 Feb 2026 ·
30 views
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पेंशनर्स को वर्ष 2026 हेतु वार्षिक भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर-
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पेंशनर्स के लिए वर्ष 2026 का वार्षिक भौतिक सत्यापन प्रारंभ कर दिया गया है। इस संबंध में विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी पेंशनर्स को यथाशीघ्र अपना वार्षिक भौतिक सत्यापन कराना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि पेंशनर्स अपने नजदीकी ई-मित्र कियोस्क पर जाकर अंगुली की छाप (फिंगरप्रिंट) के माध्यम से सत्यापन करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा जारी मोबाइल एप के जरिए घर बैठे मोबाइल पर फेस कैप्चर कर निःशुल्क सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध है।
पेंशनर्स अपने क्षेत्र के पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर, पेंशन पीपीओ में जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से ई-मित्र प्लस मशीनों द्वारा भी निःशुल्क सत्यापन करा सकते हैं। यदि इन माध्यमों से सत्यापन संभव नहीं हो पाता है तो संबंधित पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी (उपखंड अधिकारी/विकास अधिकारी) के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से भी सत्यापन कराया जा सकता है।
उप निदेशक ने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत कुल ०2 लाख 49 हजार 889 पेंशनर्स लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें से अभी 36 हजार 919 पेंशनर्स का वार्षिक भौतिक सत्यापन बकाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में भौतिक सत्यापन नहीं कराने की स्थिति में पेंशन राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा।
विभाग ने सभी पेंशनर्स से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपना सत्यापन अवश्य पूर्ण कर लें।