ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

माचाड़ी में श्री खाटू श्याम व शंकर भगवान मंदिर के भूमि पूजन एवं नींव मुहूर्त का भव्य आयोजन, कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ।

By Shubh Bhaskar · 07 Feb 2026 · 111 views
माचाड़ी में श्री खाटू श्याम व शंकर भगवान मंदिर के भूमि पूजन एवं नींव मुहूर्त का भव्य आयोजन, कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- माचाड़ी- प्राचीन काल में अलवर जिले की राजधानी रहे माचाड़ी कस्बे में समस्त श्याम प्रेमियों के लिए हर्ष और आस्था का वातावरण उस समय देखने को मिला, जब बाबा श्याम की असीम कृपा से श्री श्याम मंदिर माचाड़ी के भूमि पूजन एवं नींव मुहूर्त का पावन आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रीमहंत माधव दास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भामाशाह दिनेश यादव ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद से मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम से पूर्व पंडित राजेश शर्मा द्वारा नयागांव स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें 501 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर भक्ति भाव से भाग लिया। कलश यात्रा नयागांव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर परिक्रमा करते हुए माचाड़ी कस्बे की ओर रवाना हुई।
यात्रा रैणी चौराहा, बस स्टैंड, आयुर्वेदिक औषधालय, मुख्य बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर धाकड़ बांस रोड स्थित सरस डेयरी के पीछे मंदिर स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर शरबत और पानी की व्यवस्था की गई तथा पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया। महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा में शामिल रहीं।
कलश यात्रा के समापन के बाद श्रीमहंत माधव दास महाराज के सानिध्य में भामाशाह दिनेश यादव ने अपनी धर्मपत्नी के साथ माता-पिता का आशीर्वाद लेकर पंडित राजेश शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया गया तथा सभी श्याम भक्तों को दुपट्टा ओढ़ाया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद और गुड़ वितरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम भक्त, महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे और पूरे आयोजन में भक्ति व उत्साह का माहौल बना रहा।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube