ग्राम प्रधान व प्रधान पति पर भूमिहीनों की जमीन अपने चहेतों को देने और एक-एक लाख रुपये वसूली का आरोप
By Shubh Bhaskar ·
06 Feb 2026 ·
35 views
ग्राम प्रधान व प्रधान पति पर भूमिहीनों की जमीन अपने चहेतों को देने और एक-एक लाख रुपये वसूली का आरोप
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड सूरज सिंह राजपूत ललितपुर ग्राम पंचायत गौना के सभी 10 सदस्यों ने जिलाधिकारी से की शिकायत, अवैध बैठकों व फर्जी कार्यवाही का लगाया आरोप
ललितपुर।
जनपद ललितपुर की ग्राम पंचायत गौना परगना महरौनी में ग्राम प्रधान, प्रधान पति एवं लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए पंचायत के सभी 10 के 10 निर्वाचित सदस्यों ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की है। सदस्यों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में भूमिहीनों को दी जाने वाली कृषि भूमि का पट्टा नियमों को ताक पर रखकर प्रधान के अपने चहेतों को दिया जा रहा है, जबकि वास्तविक पात्रों को जानबूझकर वंचित किया जा रहा है।
ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों ने आरोप लगाया कि एक-एक लाख रुपये लेकर मनचाहे लोगों को पट्टे आवंटित किए जा रहे हैं, और इसके लिए फर्जी बैठकों की कार्यवाही दिखाकर कोरम पूरा बताया जा रहा है, जबकि वास्तव में न तो कोई बैठक बुलाई गई और न ही किसी सदस्य ने हस्ताक्षर किए।
फर्जी बैठकें, बिना सूचना कार्यवाही का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि ग्राम प्रधान द्वारा दिनांक 20 जनवरी 2026 और 28 जनवरी 2026 को तहसील से जारी विज्ञप्ति का हवाला देकर बैठकें दिखा दी गईं, जबकि उन बैठकों में कोई भी पंचायत सदस्य उपस्थित नहीं था। सदस्यों का दावा है कि पिछले चार वर्षों में केवल एक बार ही पंचायत की विधिवत बैठक बुलाई गई, जिससे सदस्यों में लगातार आक्रोश बना हुआ है।
चुनाव को देखते हुए दबाव बनाने का आरोप
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान में मतदाता सूची एसआईआर संशोधन प्रक्रिया और आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए, ग्राम प्रधान व प्रधान पति द्वारा ग्रामीणों और मतदाताओं पर दबाव बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। सदस्यों का कहना है कि इस कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रधान पति पर दबंगई के आरोप
ग्रामीणों ने प्रधान पति को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए आरोप लगाया कि विरोध करने वालों को डराया-धमकाया जाता है। कई भूमि प्रकरण पहले से न्यायालयों में लंबित हैं, इसके बावजूद जल्दबाजी में अवैध प्रस्ताव पारित दिखाकर पट्टा वितरण की कोशिश की जा रही है।
जिलाधिकारी से की गई यह मांग
ग्राम पंचायत सदस्यों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि
ग्राम प्रधान, प्रधान पति व लेखपाल की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए
कृषि भूमि पट्टा आवंटन की पूरी कार्यवाही तत्काल रोकी जाए
फर्जी बैठकों और धन वसूली के आरोपों पर कठोर कार्रवाई की जाए
शिकायत करने वालों में ये रहे शामिल
जगदीश सिंह, हरिराम, देव प्रताप सिंह, श्रीमती मालती, मीना जैन, श्रीमती रजनी, लक्ष्मी प्रसाद, गोपी अहिरवार, मौनू, सूर्य प्रताप सिंह, लोकेंद्र प्रताप सिंह, राजाजी राजा, सुरेंद्र विश्वकर्मा, पहलवान कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।