वरिष्ठ सुरों की मंडली के "एक शाम आशाधाम निवासियों के नाम" में मनमोहक सुरमई प्रस्तुतियां:
By Shubh Bhaskar ·
22 Dec 2025 ·
156 views
: वरिष्ठ सुरों की मंडली के "एक शाम आशाधाम निवासियों के नाम" में मनमोहक सुरमई प्रस्तुतियां:
दैनिक शुभ भास्कर राकेश जैन राजस्थान उदयपुर द्वारा आशाधाम में निवासरत 256 निराश्रित महिलाओं एवं पुरुषों के लिए संगीतमय कार्यक्रम "एक शाम आशाधाम निवासियों के नाम" का भव्य आयोजन किया गया। इस हृदयस्पर्शी कार्यक्रम में भक्ति रस से सराबोर भजनों और ओजपूर्ण देशप्रेम गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी निवासियों के चेहरों पर प्रसन्नता की लाली बिखेर दी। सबकी आँखों में चमक और होंठों पर मुस्कान देखकर आयोजन का उद्देश्य सिद्ध हो गया। कार्यक्रम में विमल शर्मा, क्वीना मेरी, हेमा जोशी, एच. काज़ी, सी.पी. जैन, विनोद कुमार जोशी सहित कुल 17 कलाकारों एवं सहयोगियों ने अपना विशेष योगदान दिया। इनकी मधुर संगीत प्रस्तुतियों ने न केवल आशाधाम के निवासियों को प्रफुल्लित किया, अपितु उपस्थित सभी अतिथियों को भी भावविभोर कर दिया। वरिष्ठ सुरों की मंडली के इस नेक प्रयास ने सिद्ध किया कि संगीत की धुनें ही निराशा के अंधेरे को दूर करने वाली सबसे प्रभावी किरणें हैं। सुरों की मंडली के संस्थापक श्री मुकेश माधवानी ने इस अवसर पर सभी निवासियों एवं सहयोगियों को स्नेह भोज का आयोजन करवाया। स्वादिष्ट भोजन के माध्यम से उन्होंने सेवा भाव का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आशाधाम की परंपरा का अभिन्न अंग है।मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया की कार्यक्रम के अंत में कार्यकारिणी सदस्यो ने आशाधाम की चार सिस्टर्स डेनिसा, अंशिता, क्लोफस व क्लेरिस को उनकी निस्वार्थ सेवा एवं समर्पण के लिए शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इन सिस्टर्स का निरंतर योगदान आशाधाम को एक परिवार के रूप में मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण रहा है। श्री माधवानी ने कहा, "आशाधाम केवल एक आश्रय नहीं, बल्कि प्रेम, मानव सेवा का संगम स्थल है। ऐसे आयोजनों से हम इन निवासियों को नई ऊर्जा प्रदान कर पाते हैं।" आशाधाम निराश्रितों के लिए समर्पित यह संस्था सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी अनूठी पहचान बना चुकी है। वरिष्ठ सुरों की मंडली का यह प्रयास निश्चित रूप से अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा।
कार्यक्रम में निम्न सुर साधकों ने अपनी अनुपम प्रस्तुति दी अंबालाल साहू, सीपी जैन, दिलीप सुराणा, श्रीमती हेमा जोशी, एच.काज़ी, श्रीमती क्वीना मैरी, भोपाल सिंह हाडा, राजकुमार बापना, दिलीप वर्मा, प्रो.विमल शर्मा, श्रीमती वर्षा मेहता, वी के माथुर,संदीप बंसल, दयाराम सुथार, के. एल. पुनमिया, एस के मेहता, कमल जुनेजा रहे|