ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

शहीद नेतराम दुब्बी की प्रथम पुण्यतिथि पर मूर्ति का अनावरण, रक्तदान शिविर व विशाल कार्यक्रम आयोजित।

By Shubh Bhaskar · 31 Jan 2026 · 24 views
शहीद नेतराम दुब्बी की प्रथम पुण्यतिथि पर मूर्ति का अनावरण, रक्तदान शिविर व विशाल कार्यक्रम आयोजित।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़-
राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के दुब्बी गांव में सीआरपीएफ में कार्यरत शहीद नेतराम दुब्बी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर उद्घाटन किया गया। गौरतलब है कि शहीद नेतराम दुब्बी 30 जनवरी 2025 को एक सड़क दुर्घटना में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, सम्मान और जनभागीदारी का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला।
शहीद के भाई चेतराम,हेतराम एवं सर्व समाज हेल्प टीम समिति राजगढ़ के संयोजक प्रकाश भाबला दुब्बी ने बताया कि प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर जगमोहन मीना (डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के छोटे भाई) उपस्थित रहे। वहीं क्षेत्रीय विधायक कान्ति प्रसाद मीना, क्षेत्रीय सरपंच मुन्नी विनोद मीना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
विशिष्ट अतिथि विधायक कान्ति प्रसाद मीना ने दुब्बी गांव के तीनों शहीदों को नमन करते हुए कहा कि दुब्बी गांव पहला ऐसा गांव है जिसने देश को तीन शहीद दिए हैं, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मांग की कि शहीद नेतराम दुब्बी को भी अन्य शहीदों के समान पूर्ण सम्मान दिया जाए।
मुख्य अतिथि जगमोहन मीना ने शहीद को नमन करते हुए उनके माता-पिता को प्रणाम किया और गांव की मिट्टी को “शहीदों की धरती” बताते हुए कहा कि नेतराम अब केवल एक परिवार या गांव के नहीं, बल्कि पूरे देश के बेटे बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के कारण डॉ. किरोड़ी लाल मीणा कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहीदों के सम्मान से जुड़ी हर मांग सरकार और प्रशासन स्तर पर पूरी करवाई जाएगी। स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं शहीद दिवस पर तीनों शहीदों का समान रूप से सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें 65 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके साथ ही ढांचा गीतों का आयोजन हुआ, जिसमें लोक गायक रामू मास्टर, हरिसिंह धोलान, विक्रम मैजोड और कैलाश भाबला ने धार्मिक व देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शहीद नेतराम दुब्बी के सीआरपीएफ स्टाफ से एसआई विकास केरवा, सीटी जीडी शिवेन्द्र सिंह सिकरवार एवं जितेन्द्र मीना ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। मंच संचालन हेमन्त दिवान बबेली द्वारा किया गया।
इस अवसर पर शहीद की माता पूनी देवी, विरांगना गीता देवी, भाई हेतराम, सुनील, दोसा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पदाधिकारी,सीमा सरपंच, पाटन सरपंच सरोज मीणा, सरपंच गोकल,रूपा मीना, रामप्रसाद पंच,अमरचंद फौजी, रामराज,कमलेश,मुन्नी विनोद, हरकेश,पाली,विजेंद्र, टहटड़ा, विक्रम,सरोज, काल्यो सहित ग्राम पंचायत दुब्बी,भजेडा, माचाड़ी,धमरेड,नयागांव बोलका,अलेई, ढिगावड़ा एवं राजगढ़-रैणी उपखंड क्षेत्र के हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube