स्वच्छ अलवर के लिए नगर निगम सख्त: खुले में कूड़ा डाला तो होंगे भारी चालान, फोटो-वीडियो होंगे सार्वजनिक।
By Shubh Bhaskar ·
31 Jan 2026 ·
41 views
स्वच्छ अलवर के लिए नगर निगम सख्त: खुले में कूड़ा डाला तो होंगे भारी चालान, फोटो-वीडियो होंगे सार्वजनिक।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर को स्वच्छता के मानकों पर शीर्ष पर लाने के उद्देश्य से नगर निगम अलवर ने अब समझाइश के साथ सख्ती की नीति अपनाई है। शनिवार को नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने जुबली बास सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों को न केवल टोका गया, बल्कि उन्हें स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी का भी अहसास कराया गया।
नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अब केवल चेतावनी देकर काम नहीं चलेगा। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निगम ने ठोस कार्ययोजना तैयार कर ली है।
निगरानी के लिए ‘तीसरी आंख’ और विशेष दस्ता
नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निम्न कदम उठाए गए हैं—
स्वच्छता प्रहरी दस्ता: निगम के विशेष दस्ते गलियों और मुख्य सड़कों पर नियमित गश्त करेंगे।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी: शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों से कचरा फैलाने वालों की पहचान की जाएगी।
ऑन-द-स्पॉट चालान: बार-बार समझाइश के बावजूद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ मौके पर ही भारी चालान काटे जाएंगे।
डिजिटल स्क्रीन पर होंगे फोटो-वीडियो सार्वजनिक
आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ अलवर बनाना केवल सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग लगातार नियमों की अनदेखी करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। ऐसे लोगों के कचरा फेंकते हुए फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी बड़ी डिजिटल स्क्रीन पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे, साथ ही भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।
नगर निगम की जनता से अपील
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और कचरा केवल निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें। शहर की स्वच्छता एक सामूहिक प्रयास है और इसमें लापरवाही बरतने वालों के प्रति अब कोई रियायत नहीं दी जाएगी।